कोरबा/रायपुर, 14 अप्रैल – नगर पालिका निगम कोरबा ने एक्सिस बैंक की पावर हाउस रोड शाखा के तत्कालीन प्रबंधन पर 79,42,274 रुपये के गबन का गंभीर आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया है। यह शिकायत निगम के प्रभारी सहायक लेखा अधिकारी प्रदीप कुमार सिकदार द्वारा दी गई, जिसमें बैंक प्रबंधन के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार, वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान राजस्व वसूली से प्राप्त नकद राशि को कैश मैनेजमेंट सर्विसेज (CMS) के माध्यम से एक्सिस बैंक के खाते में जमा कराया जाता था। जांच में यह पाया गया कि कुल 91,68,042 रुपये में से मात्र 12,25,768 रुपये ही बैंक खाते में जमा हुए, जबकि शेष 79,42,274 रुपये का कोई लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं है।
निगम द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई कि उक्त राशि को बैंक प्रबंधन द्वारा जानबूझकर या लापरवाहीवश निगम के खाते में जमा नहीं किया गया, जिसे गबन की श्रेणी में माना गया है। प्रदीप कुमार सिकदार ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से बैंक प्रबंधन की आपराधिक लापरवाही और विश्वासघात का मामला है।
निगम ने सिविल लाइंस रामपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज करने और जांच की मांग की है। जांच प्रतिवेदन और बैंक स्टेटमेंट को सबूत के रूप में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ करदी है।

More Stories
Raipur Bulletin 26 April 2026 लापरवाही और सड़क हादसों का कहर, 24 घंटे में सर्वाधिक 10 मामले दर्ज
Raipur Bulletin 25 April 2026 अवैध शराब पर प्रहार: आबकारी एक्ट के सर्वाधिक 10 मामले दर्ज
RAIPUR Bulletin 24 April 2026: मारपीट और धमकी के सर्वाधिक 8 मामले दर्ज