CG NEWS : रायपुर। प्रदेश की सरकारी शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद तीन आबकारी उप निरीक्षकों (सब इंस्पेक्टर) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं मामले में संबंधित जिलों के पांच आबकारी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शराब दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायतों की सत्यता जांचने के लिए आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने सामान्य ग्राहकों के रूप में विभिन्न शराब दुकानों से शराब की खरीदारी की। जांच के दौरान कई दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने की पुष्टि हुई।
रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित क्षेत्रों में पदस्थ तीन आबकारी उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया। साथ ही जिन दुकानों में अधिक कीमत पर शराब बेचने का मामला सामने आया, वहां कार्यरत कर्मचारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, आबकारी विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी शराब दुकानों में किसी भी प्रकार की ओवररेटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूलने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इधर जिन जिलों में ओवररेटिंग की शिकायतें सही पाई गईं, वहां के संबंधित आबकारी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा गया है कि उनके क्षेत्र में इस प्रकार की अनियमितताएं क्यों हुईं और उन्होंने समय रहते रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए।
आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेशभर में शराब दुकानों की निगरानी और सघन की जाएगी। औचक निरीक्षण और गुप्त जांच के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही शराब उपलब्ध हो।

More Stories
CG News : NEET 2026 अभ्यर्थियों को रेलवे की बड़ी सौगात, 10 ट्रेनों में लगाए गए 40 अतिरिक्त जनरल कोच
Baloda Bazar Violence Updates : बलौदाबाजार हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, छत्तीसगढ़ सरकार से मांगा जवाब
CG Train Cancelled : रेल यात्रियों को बड़ा झटका’ छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द, सफर से पहले जरूर देखें पूरी लिस्ट