आईपीएल 2025 के 65वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 42 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी। इस मैच में RCB की नियमित कप्तान रजत पाटीदार पूरी तरह फिट नहीं थे, इसलिए वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेले, जबकि टीम की कमान जितेश शर्मा ने संभाली। हालांकि, कप्तानी में उतरे जितेश न तो बैटिंग में कमाल दिखा पाए और न ही रणनीति में। उन्होंने सिर्फ 24 रन बनाए और टीम को जीत दिलाने में असफल रहे। इस हार के बाद बेंगलुरु को एक और बड़ा झटका लगा।
रजत पाटीदार पर 24 लाख रुपये का जुर्माना
मैच के दौरान RCB की धीमी ओवर गति का खामियाजा कप्तान रजत पाटीदार को भुगतना पड़ा। चूंकि यह ओवर रेट से जुड़ा टीम का इस सीजन का दूसरा अपराध था, इसलिए IPL के आचार संहिता के तहत पाटीदार पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही प्लेइंग इलेवन (इम्पैक्ट प्लेयर सहित) के बाकी खिलाड़ियों पर या तो 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत – जो भी कम हो – का जुर्माना लगाया गया।
पैट कमिंस को भी नहीं मिली राहत
इस मैच में हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस पर भी स्लो ओवर रेट के लिए कार्रवाई हुई। हालांकि यह SRH का सीजन का पहला अपराध था, इसलिए उन्हें 12 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ा। IPL कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह दंड लगाया गया है, जो न्यूनतम ओवर गति से संबंधित नियमों का उल्लंघन है।

