Rajouri Flood News : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। दरहाली नदी में अचानक आई बाढ़ से बेला कॉलोनी, बस स्टैंड और आसपास के इलाके जलमग्न हो गए। तेज बहाव में कई वाहन बह गए, कई मकानों को नुकसान पहुंचा और मंजाकोट क्षेत्र में एक कब्रिस्तान भी बह गया। खराब मौसम और भूस्खलन के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा भी अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है।
रातभर हुई बारिश से आई अचानक बाढ़
अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे तक हुई भारी बारिश के कारण दरहाली नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी का पानी बेला कॉलोनी में घुस गया, जिससे पूरा इलाका जलमग्न हो गया। बेला बस स्टैंड पर खड़े कई वाहन तेज बहाव में बह गए और कई घरों में पानी भर गया। कई परिवार बाढ़ के बीच फंस गए, जबकि मवेशियों के नुकसान की भी सूचना है।
एक्सीडेंट क्लेम में आधार कार्ड उम्र का अंतिम प्रमाण नहीं, छत्तीसगढ़ High Court’ का बड़ा फैसला
बादल फटने से कब्रिस्तान बहा
मंजाकोट तहसील के कोटली कलाबन और गोलिनारी क्षेत्रों में बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद आई अचानक बाढ़ में स्थानीय कब्रिस्तान बहकर पास की धारा में चला गया, जिससे कई कब्रें नष्ट हो गईं। इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा दुख और चिंता का माहौल है।
कई इलाकों में भारी नुकसान
थन्ना मंडी सब-डिविजन के चुरुंग, राजधानी और बेहरोट इलाके भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बेहरोट स्थित एक क्रशर यूनिट में काम कर रहे कुछ मजदूरों के फंसे होने की सूचना मिली है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
IMD ने पहले ही जारी की थी चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक दिन पहले ही जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और अचानक बाढ़ की आशंका जताते हुए एडवाइजरी जारी की थी। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और निचले इलाकों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।
वैष्णो देवी यात्रा फिलहाल स्थगित
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण माता वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। बैटरी कार मार्ग पर कई स्थानों पर चट्टानें, पत्थर और मलबा गिरा है, जबकि भैरव घाटी मार्ग पर भी हल्का भूस्खलन हुआ है।
बैटरी कार, हेलीकॉप्टर, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। कटड़ा के सभी पंजीकरण केंद्र भी अस्थायी रूप से बंद हैं। करीब 15 हजार श्रद्धालु यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
सड़क यातायात भी प्रभावित
भारी बारिश के कारण जखियानी और चेनानी के बीच सुरंग के ‘अप-ट्यूब’ में कई स्थानों पर मिट्टी खिसकने और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) मलबा हटाने का कार्य कर रहा है। फिलहाल एक ही ट्यूब से दोनों दिशाओं का यातायात संचालित किया जा रहा है।

More Stories
Sonam Wangchuk’ निजी अस्पताल में नहीं होंगे शिफ्ट, हाई कोर्ट ने पत्नी गीतांजलि की याचिका खारिज की
ऑपरेशन सिंदूर पर Imran Khan’ की बहन का बड़ा दावा, बोलीं- “ट्रंप ने हमारी इज्जत बचा ली”
BPCL ने लॉन्च किया ‘भारतगैस लाइट ज़िप’, अब मिनटों में नया एलपीजी कनेक्शन