रायपुर (Raipur DGGI Action): जीएसटी विभाग की इंटेलिजेंस यूनिट, डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) रायपुर जोनल यूनिट ने करोड़ों रुपये के जीएसटी घोटाले का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने अजय ट्रेडर्स और शुभम सेल्स नामक दो फर्मों के संचालकों को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि इन फर्मों ने दिल्ली की फर्जी कंपनियों के माध्यम से क्रमशः 94 करोड़ और 41 करोड़ रुपये की फर्जी खरीद दर्शाई, और इसी के आधार पर लगभग 24 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम किया गया।
विभाग द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। खरीदी गई वस्तुओं जैसे एमएस टीएमटी, एमएस एंगल और एमएस चैनल के परिवहन या डिलीवरी के कोई वास्तविक साक्ष्य नहीं मिले। इसके आधार पर DGGI ने अजय ट्रेडर्स के संचालक अजय सिंह और शुभम सेल्स के संचालक शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य फर्मों की भी जांच की जा रही है।

