Divya Mishra Murder Case : लखनऊ के गोमती नगर में ICICI बैंक के बाहर हुई दिव्या मिश्रा की हत्या के मामले में सनसनीखेज CCTV फुटेज सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दिव्या के पति मानस बाजपेयी ने कथित तौर पर पहले से घात लगाकर उनका इंतजार किया और बैंक पहुंचते ही उन्हें बाहर बुलाकर गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, 37 वर्षीय दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे वह एक क्लाइंट से मुलाकात के बाद बैंक लौटी थीं। इसी दौरान उनके पति मानस एक बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो में बैठकर वहां पहुंचे थे।
बैंक के बाहर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद
CCTV फुटेज में कथित तौर पर मानस और दिव्या के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। बैंक कर्मचारियों को जब विवाद की जानकारी हुई तो वे बाहर आए। इसी दौरान आरोपी ने दिव्या पर गोली चला दी। गोली चलने के बाद बैंक कर्मचारी डरकर वापस अंदर चले गए।
चश्मदीदों के मुताबिक, मानस के पास दो पिस्टल थीं और उसने बैंक कर्मचारियों की तरफ भी हथियार तान दिया था। इसके बाद वह बिना नंबर वाले ऑटो में बैठकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिव्या ने पहले जताया था जान का डर
सूत्रों के अनुसार, दिव्या ने कुछ दिन पहले अपने सहकर्मियों को बताया था कि मानस ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की थी। दिव्या को आशंका थी कि मानस उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
हत्या के बाद WhatsApp स्टेटस से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, दिव्या की हत्या के बाद मानस अपने घर पहुंचा और WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और हत्या की बात लिखी। उसने अपनी बहन को भी मारने और खुद आत्महत्या करने की बात कही थी।
इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि मानस ने अपनी बहन की भी हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मार ली। पड़ोसी के मुताबिक, घर का दरवाजा तोड़ने पर दोनों भाई-बहन बेड पर मिले। कमरे में टीवी चल रहा था और तेज आवाज में हनुमान चालीसा बज रही थी।
वैवाहिक विवाद को लेकर पुलिस कर रही जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों करीब डेढ़ साल से अलग-अलग रह रहे थे। अब पुलिस CCTV फुटेज, चश्मदीदों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

