CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच राजधानी रायपुर के पास सारागांव में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां कोल्हान नाले के तेज बहाव में जय अंबे की यात्री बस फंस गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे, जो रायपुर से बलौदाबाजार जा रहे थे। नाले में पानी का बहाव काफी तेज था और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पहले से ही मौके पर तैनात थी। पुलिस ने अन्य वाहनों की तरह बस को भी आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने ब्रेक नहीं लगाया और बस तेज बहाव में पहुंच गई। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तेज बहाव में फंसी 70 यात्रियों से भरी बस
जानकारी के अनुसार, शनिवार को बारिश के चलते सारागांव के कोल्हान नाले में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया था। नाले के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। इसी दौरान रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे की बस वहां पहुंची। बस में करीब 70 यात्री मौजूद थे। रास्ते की खतरनाक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले ही वाहनों की आवाजाही रोक रखी थी।
पुलिस के रोकने के बावजूद आगे बढ़ा चालक
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने बस चालक को भी पानी के तेज बहाव के कारण आगे नहीं जाने की हिदायत दी थी। अन्य वाहनों को भी सुरक्षित स्थान पर रोका जा रहा था। इसके बावजूद चालक ने समय रहते ब्रेक नहीं लगाया और बस नाले के तेज बहाव में फंस गई। बस के पानी में फंसते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग यात्रियों की सुरक्षा के लिए सक्रिय हो गए। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए। पुलिस की तत्परता से एक बड़े हादसे को टालने में मदद मिली। हालांकि, घटना के दौरान यात्रियों में काफी दहशत का माहौल रहा।
बारिश में नदी-नालों को पार करने से बचें
लगातार बारिश के कारण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में पुल-पुलियों और रपटों के ऊपर से पानी बहने पर आवागमन करना जानलेवा साबित हो सकता है। सारागांव की इस घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान यातायात सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर किया है।

