CG News : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक पर सवार चार दोस्त सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी।
शादी में जा रहे थे चारों युवक
घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बैकोना गांव की है। जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर गांव से शादी समारोह में शामिल होने ग्राम खजूरी जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम पंचायत रामपुर के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े मक्का लोड ट्रक से उनकी बाइक पीछे से जा टकराई।
तीन की मौके पर मौत, एक गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में रूपचंद पैकरा (20), रविंद्र पैकरा (19) और ओम प्रकाश पैकरा (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अरमान पैकरा (16) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी, जिससे उसका अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहन पर पर्याप्त संकेतक नहीं थे, जिससे हादसा हुआ।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
खुशियां मातम में बदलीं
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जो युवक शादी की खुशियों में शामिल होने निकले थे, उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

More Stories
CG News : जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, ग्रामीणों ने मालिक और आरआई से की मारपीट; गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
Raipur Police Commissionerate 20 June 2026: 24 घंटे में उरला से कबीरनगर तक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा और मारपीट के आरोपी गिरफ्तार
CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, मानसून से पहले बारिश और आंधी का दौर