CANCER की दवा यदि महंगी मिले तो सरकार से कर सकते हैं शिकायत
रायपुर: कैंसर रोगियों को बड़ी राहत देते हुए इसके इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की कीमतों में कटौती की गई है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) द्वारा ‘ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन’ (टीएमआर) लागू किए जाने के बाद ये नई अधिकतम खुदरा कीमतें (एमआरपी) 9 नवंबर से प्रभावी हो गई हैं। मरीजों को घटी हुई कीमतों का सीधा लाभ दिलाने के लिए राज्य औषधि मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (सीजीपीएमआरयू) ने सभी मेडिकल स्टोर, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्हें नई दरों का पालन करने और संस्थान में दवाओं की संशोधित मूल्य सूची लगाने को कहा गया है, साथ ही तय कीमत से अधिक पैसे लेने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे दवा खरीदते समय पैकेट पर दर्ज एमआरपी जरूर जांच लें। यदि कोई विक्रेता या अस्पताल निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलता है या जानबूझकर दवा उपलब्ध नहीं कराता है, तो नागरिक एनपीपीए के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 या सीजीपीएमआरयू के नंबर 9340595097 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, cg-pmru@cg.gov.in और monitoring-nppa@gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी जा सकती है।

