Aamir Khan Upcoming Movie: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर कुछ अलग अंदाज में नजर आने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी पिछली फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब अभिनेता अपनी अगली फिल्म ‘ललकारा’ को लेकर चर्चा में हैं। निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में आमिर खान भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी लाला अमरनाथ की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। खास बात यह है कि इस किरदार में ढलने के लिए अभिनेता ने क्रिकेट की ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है।
‘ललकारा’ के लिए आमिर खान ने शुरू की क्रिकेट ट्रेनिंग
आमिर खान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ललकारा’ के लिए इन दिनों जमकर तैयारी कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता अपने को-स्टार्स विक्रांत मैसी, जितेंद्र कुमार और धैर्य करवा के साथ दक्षिण मुंबई के एक प्रतिष्ठित क्रिकेट क्लब में अभ्यास कर रहे हैं।
फिल्म में क्रिकेट से जुड़े दृश्यों को वास्तविक बनाने के लिए कलाकारों को भारत के दो पूर्व क्रिकेटर ट्रेनिंग दे रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन कोचों ने कबीर खान की फिल्म ‘83’ (2021) के लिए भी कलाकारों को क्रिकेट की ट्रेनिंग दी थी।
क्रिकेट अभ्यास के अलावा आमिर खान अपनी फिटनेस और खानपान पर भी खास ध्यान दे रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह डाइटिशियन द्वारा तैयार किए गए शाकाहारी डाइट प्लान का पालन कर रहे हैं।
1952 की भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज पर आधारित होगी कहानी
‘ललकारा’ की कहानी भारतीय क्रिकेट इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में साल 1952 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेली गई पहली टेस्ट सीरीज को दिखाया जाएगा।
1947 में भारत के विभाजन के बाद दोनों देशों के बीच यह पहली टेस्ट सीरीज थी। इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तानी स्वतंत्र भारत के पहले टेस्ट कप्तान लाला अमरनाथ ने की थी। उनकी कप्तानी में भारत ने पांच मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।
फिल्म में आमिर खान लाला अमरनाथ का किरदार निभाएंगे, जबकि विक्रांत मैसी पाकिस्तानी क्रिकेटर अब्दुल हफीज कारदार की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
4 जनवरी 2027 से शुरू होगी फिल्म की शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘ललकारा’ की शूटिंग 4 जनवरी 2027 से शुरू करने की तैयारी है। यह तारीख आमिर खान और आशुतोष गोवारिकर दोनों के लिए खास मानी जा रही है।
दरअसल, दोनों ने अपनी चर्चित फिल्म ‘लगान’ की शूटिंग भी 4 जनवरी 2000 को शुरू की थी। ऐसे में करीब 27 साल बाद दोनों एक बार फिर क्रिकेट पर आधारित फिल्म के लिए साथ काम करने जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग मार्च 2027 तक पूरी करने की योजना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक शूटिंग समय-सारणी की पुष्टि होना बाकी है।
कब रिलीज होगी आमिर खान की ‘ललकारा’?
आमिर खान की इस फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में फिल्म को दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की संभावना जताई गई है।
अगर ऐसा होता है तो फिल्म की रिलीज 1952 की ऐतिहासिक भारत-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के 75 साल पूरे होने के मौके के आसपास होगी। अब दर्शकों को इंतजार है कि आमिर खान इस बार लाला अमरनाथ के किरदार में बड़े पर्दे पर कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।

