अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी ने दुनिया भर में तहलका मचा रखा है, लेकिन इस बीच भारत ने एक बड़ा कदम उठाया है जिसने अमेरिका और चीन दोनों को चौंका दिया है। भारत ने इस साल अप्रैल में अमेरिका को भेजे जाने वाले iPhone एक्सपोर्ट में चीन को पीछे छोड़ दिया है। कैनालिस के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 में भारत ने लगभग 30 लाख iPhone अमेरिका को एक्सपोर्ट किए, जो पिछले साल की तुलना में 76% ज्यादा है। वहीं, चीन की शिपमेंट में इसी अवधि में 76% की भारी गिरावट दर्ज हुई है, और उसने सिर्फ 9 लाख iPhones अमेरिका भेजे।
यह बढ़ोतरी ऐसे समय आई है जब ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी के कारण Apple ने अपनी ‘मेड इन इंडिया’ योजना को तेज कर दिया है। ट्रंप के टैरिफ नियमों के तहत चीन से आने वाले iPhones पर 30% अतिरिक्त टैरिफ लगता है, जबकि भारत समेत अन्य देशों के लिए यह दर केवल 10% है।
हालांकि, अमेरिका को एक्सपोर्ट हो रहे मेड इन इंडिया iPhones ट्रंप के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। उन्होंने Apple के सीईओ टिम कुक को भारत में iPhone निर्माण बंद करने को कहा था, लेकिन जब कंपनी ने अपनी योजना नहीं बदली, तो ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि Apple ने अमेरिका के लिए iPhones का निर्माण भारत या किसी अन्य देश में जारी रखा, तो कंपनी को 25% टैरिफ चुकाना पड़ेगा। इस तरह, भारत की तेजी से बढ़ती iPhone एक्सपोर्टिंग क्षमता ने वैश्विक बाजार में एक नई रणनीतिक चुनौती पैदा कर दी है।

