राजनांदगांव, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ सरकार ने राजनांदगांव जिले के लिए दो बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC-2.0) और स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (SMC) शामिल हैं। इन परियोजनाओं से न केवल क्षेत्र में तकनीकी विकास को गति मिलेगी बल्कि हजारों रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
EMC-2.0 प्रोजेक्ट ग्राम पटेवा (तहसील घुमका) में 322 एकड़ ज़मीन पर विकसित होगा, जिसकी लागत लगभग ₹350 करोड़ है। यह क्लस्टर सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक चिप्स और विद्युत उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देगा।
SMC प्रोजेक्ट ग्राम बिजेतला में 50 एकड़ क्षेत्र में ₹25 करोड़ की लागत से स्थापित होगा। यह छत्तीसगढ़ का पहला स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर होगा, जहां अंतरिक्ष संबंधित उपकरण और तकनीकी यंत्र तैयार किए जाएंगे।
इस ऐतिहासिक स्वीकृति के पीछे विधानसभा अध्यक्ष और राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह की अहम भूमिका रही। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र की औद्योगिक पहचान को नए स्तर पर ले जाएंगी।

