रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर तेज धूप के बाद शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और रात में तेज अंधड़ चला। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
अगले 5 दिनों का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आगामी 5 दिनों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। खासतौर पर 4 और 5 मई को इन गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
द्रोणिका का असर, बढ़ी अस्थिरता
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसी कारण गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन रही है।
आज रायपुर का मौसम
3 मई को रायपुर में आंशिक बादल छाए रहने के साथ मेघगर्जन और हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

More Stories
CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 19 सितंबर से तेज हो सकती है बारिश; रायपुर में 34 डिग्री पहुंचा पारा
पटरी पर बैठकर फ्री-फायर खेल रहा बच्चा मालगाड़ी की चपेट में आया, एक गंभीर’ ईयरफोन लगाकर मोबाइल में बिजी थे 2 दोस्त
CG NEWS : छत्तीसगढ़ में राशन की हेराफेरी पर लगेगी रोक’ PDS सिस्टम में बड़ा बदलाव करने जा रही साय सरकार