भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर है। मैच की पहली पारी में भारतीय टीम ने 471 रन बनाए, जिसमें तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़े। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 465 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस तरह भारत को पहली पारी के आधार पर 6 रनों की मामूली बढ़त मिली। जहां एक ओर जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए, वहीं तेज़ गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा अपनी गेंदबाजी से प्रभावित करने में असफल रहे और जमकर रन लुटा बैठे।
वरुण आरोन का रिकॉर्ड टूटा
प्रसिद्ध कृष्णा ने भले ही इंग्लैंड की पहली पारी में 3 विकेट लिए, लेकिन वह विरोधी बल्लेबाजों के लिए आसान निशाना बन गए। उन्होंने अपने 20 ओवर में 128 रन दे डाले और उनकी इकॉनोमी 6.40 रही। इसी के साथ वे एक टेस्ट पारी में कम से कम 120 गेंद फेंकने के दौरान सबसे खराब इकॉनमी वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने वरुण आरोन का 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक पारी में 23 ओवर में 136 रन दिए थे और उनकी इकॉनमी 5.91 रही थी।
इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
इंग्लैंड की ओर से ओली पोप ने शानदार शतक लगाते हुए 106 रन बनाए, जबकि हैरी ब्रूक दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 99 रन पर आउट हो गए। बेन डकेट ने भी 62 रनों की अहम पारी खेली। इन बल्लेबाजों के योगदान से इंग्लैंड भारत के स्कोर के बेहद करीब पहुंच सका।
भारत के बल्लेबाजों ने बनाए शानदार शतक
भारत की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल (101 रन), ऋषभ पंत (134 रन) और कप्तान शुभमन गिल (147 रन) ने शतक लगाए। हालांकि, इन तीनों के अलावा बाकी बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके और टीम 471 रनों पर सिमटी।
इस मुकाबले में जहां एक ओर भारतीय बल्लेबाजों और बुमराह ने दम दिखाया, वहीं प्रसिद्ध कृष्णा की महंगी गेंदबाजी टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।



More Stories
Vaibhav Suryavanshi : वैभव सूर्यवंशी का ‘महा-तूफान’: वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन ठोक रचा इतिहास, एक पारी में लगाए रिकॉर्ड 15 छक्के
IND U19 vs ENG U19 Final : IND U19 vs ENG U19 फाइनल में भारत की मजबूत बल्लेबाजी
T20 World Cup: “हमने मना नहीं किया…” – पाकिस्तान के बॉयकॉट ड्रामे पर सूर्यकुमार यादव ने दिया करारा जवाब