भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे पहले टेस्ट मैच में चार दिन का खेल खत्म हो चुका है, और अब सबकी नजरें आखिरी दिन के नतीजे पर टिकी हैं। हालांकि पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही है, लेकिन टीम इंडिया ने एक समय लगभग जीते हुए मुकाबले को खुद की गलतियों से मुश्किल बना लिया है। अब गेंद इंग्लैंड के पाले में है – वो जीत के लिए खेलेगा या ड्रॉ के लिए, यह आखिरी दिन तय करेगा। फिलहाल, भारत थोड़ी पिछड़ती हुई नजर आ रही है।
लगातार दो बार दोहराई वही गलती
पहली पारी में भारत ने एक समय 4 विकेट पर 430 रन बना लिए थे और लग रहा था कि टीम आराम से 500 के पार जाएगी। लेकिन अचानक बल्लेबाजों के विकेट गिरते चले गए और पूरी टीम 471 रन पर सिमट गई। यही कहानी दूसरी पारी में भी दोहराई गई – 5 विकेट पर 333 रन से शुरू हुई पारी, 364 रन पर खत्म हो गई। ऐसे में भारत ने दो बार बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका गंवा दिया।
लोअर ऑर्डर का पूरी तरह से फेल होना
पहली पारी में भारत ने 41 रन के भीतर 7 विकेट खो दिए, जबकि दूसरी पारी में 31 रन के भीतर 6 विकेट गवां दिए। इसका मतलब साफ है कि मिडिल और लोअर ऑर्डर ने इंग्लैंड के खिलाफ बिल्कुल सरेंडर कर दिया। शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे बल्लेबाज पहली पारी में 5 रन और दूसरी पारी में सिर्फ 4 रन जोड़ सके।
शार्दुल ठाकुर पर सवाल
शार्दुल ठाकुर को टीम में ऑलराउंडर के तौर पर शामिल किया गया है, लेकिन ना तो वे रन बना पा रहे हैं और ना ही विकेट ले रहे हैं। जब वो बल्लेबाजी में नाकाम हैं और गेंदबाजी में भी प्रभावी नहीं हैं, तो सवाल उठना लाज़मी है कि क्या उनसे बेहतर कोई स्पेशलिस्ट गेंदबाज विकल्प नहीं हो सकता था?
इंग्लैंड के सामने 371 रन का टारगेट
इंग्लैंड को जीत के लिए 371 रन का लक्ष्य मिला है। मैच के चौथे दिन स्टंप्स तक इंग्लैंड ने 6 ओवर में 21 रन बना लिए और उसके सभी विकेट सुरक्षित हैं। इंग्लैंड के पास लंबी बैटिंग लाइन-अप है और सभी खिलाड़ी आक्रामक अंदाज में खेलने में सक्षम हैं।
भारत मैच में कहां चूकी?
कुल मिलाकर देखें तो भारत इस मैच में लगभग 50 रन पीछे रह गई। यदि टीम इंडिया यह मुकाबला जीत भी जाए तो यह जीत उतनी आसान नहीं होगी जितनी हो सकती थी। और अगर भारत हारती है, तो सवाल उठेगा कि इस हार की जिम्मेदारी कौन लेगा? एक बात तो साफ है – भारत ने अपने ही हाथों से मुकाबले को मुश्किल बना दिया है।

More Stories
Ajinkya Rahane Retirement : अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया भावुक ऐलान
नाइट राइडर्स परिवार में पुराने ‘मैच विनर’ की वापसी, रयान टेन डोशेट बने हेड ऑफ क्रिकेट स्ट्रैटेजी
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान’ दो नए खिलाड़ियों को पहली बार मौका, वॉशिंगटन सुंदर टीम से बाहर