वेब न्यूज़ पोर्टल संघर्ष के स्वर

संघर्ष ही सफलता की पहली सीढ़ी है।

जिला अधिवक्ता संघ रायपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण सम्पन्न, विकास के लिए 60 लाख रुपये की सहायता की घोषणा

अंतिम व्यक्ति तक न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की बड़ी भूमिका : उपमुख्यमंत्री अरुण साव

न्याय व्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं अधिवक्ता : सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर, छत्तीसगढ़, 11 जुलाई 2026 : जिला अधिवक्ता संघ, रायपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, राज्य मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश श्री गौतम चौरड़िया तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बलराम प्रसाद वर्मा उपस्थित रहे। समारोह में न्यायाधीशगण तथा सैकड़ों अधिवक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह की शुरुआत जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बलराम प्रसाद वर्मा द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर हुई। शपथ लेने वालों में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री दिनेश देवांगन, सचिव श्री राकेश पुरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला) श्रीमती भारती राठौर, कनिष्ठ उपाध्यक्ष श्री पाटस्कर, कोषाध्यक्ष (महिला) श्रीमती रानी लक्ष्मी साहू, सहसचिव श्री गुणेश कुमार निर्मलकर, महिला सहसचिव श्रीमती नेहा राठौर, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव श्री युगेश्वर कुमार साहू, ग्रंथालय सचिव श्री महेंद्र कुमार देवांगन सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य शामिल रहे।

मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ता केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे संविधान, कानून और लोकतंत्र के वास्तविक प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने में अधिवक्ताओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। न्याय तभी सार्थक है जब वह प्रत्येक नागरिक को समय पर और सुलभ रूप से प्राप्त हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों के साथ-साथ न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

श्री साव ने जिला अधिवक्ता संघ के अधोसंरचनात्मक विकास एवं अधिवक्ताओं के हित में 50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं और समाज का उन पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता केवल अपने मुवक्किल का पक्ष नहीं रखते, बल्कि न्याय की स्थापना और कानून के शासन को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ-साथ आम जनता को सुलभ एवं त्वरित न्याय दिलाने में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगी। उन्होंने जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री दिनेश देवांगन सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संघ के विकास के लिए 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि अधिवक्ता समाज में न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। नगर निगम की ओर से अधिवक्ताओं की आवश्यक सुविधाओं और सहयोग के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री बलराम प्रसाद वर्मा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को निष्पक्षता, गरिमा और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता और न्यायपालिका न्याय व्यवस्था के दो महत्वपूर्ण अंग हैं, जिनके समन्वय से आम नागरिकों को प्रभावी एवं समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराया जा सकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के सदस्य, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अधिवक्ता श्री बृजेशनाथ पांडे ने विशेष योगदान दिया।

समारोह के अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री दिनेश देवांगन ने सभी अतिथियों, न्यायाधीशों एवं अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, न्यायिक अधोसंरचना के विकास तथा अधिवक्ता कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। कार्यक्रम को संचालन सचिव श्री राकेश पुरी ने किया।

 

About The Author

YouTube Shorts Autoplay