रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में लूट की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल ज़ब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹2,50,000/- है।
यह घटना 27 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 07.30 बजे व्हीआईपी रोड़ स्थित राम मंदिर के बाहर हुई थी। प्रार्थी निधिस राव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपने दोस्त अभिषेक दुबे के साथ मंदिर के बाहर खड़े थे, तभी होंडा साईन मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़कों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी और चाकू दिखाकर उसके गले से सोने की चेन खींचकर लूट ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
जांच के दौरान, पुलिस को तेलीबांधा निवासी हसमुख महानंद (उम्र 19 साल) के संबंध में अहम जानकारी मिली। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि लूटी गई सोने की चेन उसने अपने साथी की मौसी, कौशिल्या महेश्वरी (उम्र 35 साल) को बेचने के लिए दी थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला आरोपी कौशिल्या महेश्वरी को भी गिरफ्तार कर लिया। यह जानते हुए भी कि चेन लूट की है, उसने उसे बिक्री के लिए अपने पास रखा था, जिसके चलते उस पर धारा 317(2) बी.एन.एस. भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 697/25 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब इस मामले में संलिप्त तीसरे फरार आरोपी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

More Stories
CG BREAKING : BJP प्रशिक्षण शिविर में योग आयोग अध्यक्ष Roopnarayan Sinha’ का निधन, हार्ट अटैक से मौत
CG NEWS : छत्तीसगढ़ में बकरीद अवकाश में बदलाव’ अब 28 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश
रामभद्राचार्य का चरणदास महंत पर पलटवार, बोले- “यूँ ही नहीं बना जगतगुरु”