रायपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के अमलीडीह स्थित पुलिस कॉलोनी में ‘एक शाम जवानों के नाम’ शीर्षक से एक भव्य देशभक्ति संगीतमय एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। पुलिस कॉलोनी के संगीत प्रेमी पुलिस कर्मचारियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों, रैप सॉन्ग और नन्हें बच्चों की सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
राजकीय गीत से शुभारंभ, अतिथियों की गरिमामय मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्ष श्री अशोक वर्मा एवं उपाध्यक्ष श्री डी. जी. टंडन उपस्थित रहे। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत “अरपा पैरी के धार” के सामूहिक गान के साथ गरिमामय वातावरण में हुई। इसके बाद पुलिस परिवार के सदस्यों और बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
ड्यूटी के साथ सुरों की साधना, रैप सॉन्ग ने भरा जोश
दिन-रात जनसेवा और सुरक्षा में मुस्तैद रहने वाले पुलिस जवानों ने अपनी व्यस्त ड्यूटी से समय निकालकर शानदार गायकी का प्रदर्शन किया। जवान श्री रोहित पटेल द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी देशभक्ति रैप सॉन्ग ने पूरे परिसर में जबरदस्त ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया। वहीं कॉलोनी के बच्चों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी एवं हिंदी देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।
बारिश भी नहीं डिगा सकी दर्शकों का उत्साह
कार्यक्रम के दौरान तेज बारिश शुरू होने के बावजूद कॉलोनी वासियों और जवानों का जोश अंत तक बना रहा। पूरे कार्यक्रम का समापन फिल्म ‘बॉर्डर’ के लोकप्रिय देशभक्ति गीत “संदेशे आते हैं हमें तड़पाते हैं…” के सामूहिक गान के साथ हुआ, जिसने सभी को राष्ट्रप्रेम के भाव से सराबोर कर दिया। बारिश के चलते प्रतिभागी बच्चों को अगले दिन सुबह एक विशेष सभा में पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस आयोजन को सफल बनाने में पुलिस कॉलोनी संगीत ग्रुप के सदस्य श्री गोविंदा गावड़े, रामदिल पटेल, देवेंद्र साहू, ए. विजय कुमार, सुरेंद्र चंद्रा, महेंद्र पाल साहू, संजू गोसाई, दिनेश सोनवानी और रामकुमार कुर्रे की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री श्रीनिवास राव एवं श्री सतीश मधुकर द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री रोहित पटेल एवं श्री प्रमित पाल साहू ने किया।

More Stories
CG News : छत्तीसगढ़ सरकारी आवास में युवक-युवतियों की कथित संदिग्ध गतिविधियों से हंगामा, दो युवकों को रातभर कमरे में रखा बंद
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
CG NEWS : मवेशियों को भूखे-प्यासे ई-रिक्शा में भरकर ले जा रहे थे तस्कर, पुलिस ने छुड़ाया’ दो गिरफ्तार