Murshidabad School Van Train Accident: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। बहरामपुर के गोविंदपुर रेलवे फाटक पर स्कूली बच्चों को ले जा रही एक वैन ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो स्कूली छात्रों और एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। रेलवे और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:41 बजे बहरामपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे गेट नंबर 24A/2 पर हुआ। रॉयल एकेडमी स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही वैन रेलवे फाटक पार कर रही थी।
बताया गया कि पहले अप दिशा से ट्रेन नंबर 13431 गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोला गया। जैसे ही वैन पटरी पर पहुंची, तभी दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन नंबर 53054 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।
8 लोग थे वैन में सवार
हादसे के समय स्कूली वैन में कुल 8 लोग सवार थे। दुर्घटना में दो बच्चों और पास खड़े एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायल बच्चों को पहले कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल बच्चों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों ने किया राहत कार्य
हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी और वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। रेलवे प्रशासन ने हादसे के कारणों और किसी भी संभावित लापरवाही की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फाटक खुलने के दौरान दूसरी ट्रेन आने की स्थिति कैसे बनी।

More Stories
Disha Salian: 4 साल बाद दिशा सालियान के पिता की याचिका पर सुनवाई, CBI को FIR दर्ज करने का निर्देश
Champat Rai: चंपत राय को फिर मिल सकती है रामजन्मभूमि ट्रस्ट में जगह, डीड में संशोधन पर मंथन आज
Allegations against BJP regarding fake voters: महाराष्ट्र में मतदाता सूची पर विवाद, भाजपा को लेकर मंत्री प्रताप सरनाईक ने उठाए सवाल