बिलासपुर: न्यायधानी बिलासपुर के कोनी क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ देवनगर इलाके में शराब की लत ने एक भाई को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपनी ही सगी बहन पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के पैसों के लिए हैवानियत की हदें पार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मानेश्वर मनहर (33 वर्ष) शराब का आदी है। 24 मार्च की रात वह नशे में धुत होकर घर पहुँचा और अपनी बहन मिनेश्वरी मनहर से शराब पीने के लिए और पैसों की मांग करने लगा। जब बहन ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो मानेश्वर आपा खो बैठा और उसने अपनी ही बहन पर हमला बोल दिया।
बाल पकड़कर घसीटा, फिर हथौड़े से किए कई वार
आरोप है कि मानेश्वर ने पहले अपनी बहन के बाल पकड़े और उसे घसीटते हुए घर से बाहर ले आया। इसके बाद उसने पास रखे भारी हथौड़े से मिनेश्वरी के सिर, हाथ और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीड़िता लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, जिसके बाद आरोपी वहाँ से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
होश में आने के बाद पीड़िता ने कोनी थाने में अपने भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की और आरोपी मानेश्वर मनहर को घेराबंदी कर धर दबोचा।
“पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना हथौड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।” > — कोनी थाना प्रभारी

More Stories
CG NEWS : छत्तीसगढ़’ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में ऐतिहासिक भर्ती, 21 सहायक संचालकों का चयन’ वैज्ञानिक शहरी विकास को मिलेगी रफ्तार
A Big Gift For Treatment : राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत’ नई अस्पताल सूची जारी, अब बाहर भी मिलेगा फ्री इलाज
VBJI Ramji Scheme : 1 जुलाई से शुरू होगी ‘VBJI रामजी योजना’, युवाओं को मिलेगा बड़ा तोहफा