भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 5 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा, जिससे टीम इंडिया सीरीज में 0-1 से पीछे हो गई। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा, जो भारतीय क्रिकेटरों के लिए कई यादगार पारियों का गवाह बन चुका है। इस मैदान पर अब तक चार भारतीय बल्लेबाज—सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा—टेस्ट शतक लगा चुके हैं। जहां सचिन और कोहली अब टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, वहीं पंत और जडेजा मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर टीम का हिस्सा हैं और उनका दूसरे टेस्ट में खेलना लगभग तय माना जा रहा है।
एक ही टेस्ट में जड़े थे पंत और जडेजा ने शतक
साल 2022 में बर्मिंघम में खेले गए टेस्ट में ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा दोनों ने शानदार शतक जड़े थे। पंत ने पहली पारी में 146 रन जबकि जडेजा ने 104 रन बनाए थे, जिससे भारत ने पहली पारी में 416 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि दूसरी पारी में टीम इंडिया कमजोर प्रदर्शन कर बैठी और मैच 7 विकेट से हार गई।
पंत ने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में जड़ा शतक
हाल ही में खेले गए पहले टेस्ट में भी ऋषभ पंत ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी की और दोनों पारियों में शतक जड़े। उन्होंने पहली पारी में 134 और दूसरी पारी में 118 रन बनाए। हालांकि भारत को मैच में हार मिली, लेकिन पंत का प्रदर्शन सराहनीय रहा। वहीं रवींद्र जडेजा ने गेंदबाज़ी में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया और कप्तान शुभमन गिल से प्रशंसा भी पाई।
कोहली और सचिन की ऐतिहासिक पारियां
विराट कोहली ने 2018 में बर्मिंघम टेस्ट में 149 रनों की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने 225 गेंदों में 22 चौकों और 1 छक्के की मदद से यह पारी खेली और इस मैदान पर सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने।
वहीं सचिन तेंदुलकर ने 1996 में इस मैदान पर 122 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 19 चौके और 1 छक्का शामिल था। उस टेस्ट में अन्य भारतीय बल्लेबाज़ असफल रहे थे, लेकिन सचिन की पारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वे बर्मिंघम में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ भी बने।



More Stories
Vaibhav Suryavanshi : वैभव सूर्यवंशी का ‘महा-तूफान’: वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन ठोक रचा इतिहास, एक पारी में लगाए रिकॉर्ड 15 छक्के
IND U19 vs ENG U19 Final : IND U19 vs ENG U19 फाइनल में भारत की मजबूत बल्लेबाजी
T20 World Cup: “हमने मना नहीं किया…” – पाकिस्तान के बॉयकॉट ड्रामे पर सूर्यकुमार यादव ने दिया करारा जवाब