वायनाड। केरल के वायनाड जिले के मेप्पाडी क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश के चलते भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इस भयावह हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिरता और अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को मलबे में समेटता दिखाई दे रहा है।
टनल निर्माण स्थल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे मेप्पाडी के मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां अनाक्कमपॉयल-कल्लाडी-मेप्पाडी ट्विन टनल परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। टनल की खुदाई के दौरान निकाली गई मिट्टी का बड़ा ढेर बारिश के कारण कमजोर हो गया। लगातार बारिश के चलते मिट्टी का टीला और आसपास की पहाड़ी का हिस्सा अचानक ढह गया।
भूस्खलन की चपेट में टनल निर्माण स्थल के पास बने प्रवासी मजदूरों के अस्थायी शिविर और स्थानीय श्रमिकों को लेकर पहुंची दो बसें भी आ गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राहत-बचाव अभियान जारी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर एंड रेस्क्यू सर्विस, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
2024 की त्रासदी की यादें हुईं ताजा
जिस इलाके में यह हादसा हुआ है, वह मुंडाक्कई के समीप स्थित है, जहां वर्ष 2024 में विनाशकारी भूस्खलन में 300 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। ताजा घटना ने एक बार फिर उस त्रासदी की दर्दनाक यादें ताजा कर दी हैं। प्रभावित क्षेत्र में कई होमस्टे और श्रमिक शिविर भी मौजूद हैं।
15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
उधर, भारतीय मौसम विभाग ने देश के 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

More Stories
RRB Recruitment 2026 : रेलवे सेक्शन कंट्रोलर भर्ती की लास्ट डेट करीब, ग्रेजुएट तुरंत करें आवेदन
Delhi Red Fort Blast : UN रिपोर्ट में AQIS कनेक्शन का दावा, जांच में जुटी NIA
Parliament Monsoon Session : संसद में 18 दिन सिर्फ 19 घंटे काम, आखिरी दिन भी हंगामे के आसार