दुर्ग/भिलाई: ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने लखनऊ से चार और मुंबई से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों ने मिलकर एक महिला के पिता से ₹54,90,000 की डिजिटल धोखाधड़ी की थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रगति नगर रिसाली निवासी नम्रता चंद्राकर ने नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल 2025 को कुछ मोबाइल नंबरों (8473927649, 7077631410, 7818090229) के धारकों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर उनके पिता को वीडियो कॉल किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता ने अपना केनरा बैंक खाता नरेश गोयल को बेचा है, जिसमें ₹2 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग हुई है. आरोपियों ने सहयोग करने का झांसा दिया और परिवार के सदस्यों की संपत्ति की सारी जानकारी ले ली. इसके बाद गिरफ्तारी का डर दिखाकर 29 अप्रैल 2025 से 29 मई 2025 के बीच अलग-अलग खातों और किस्तों में ₹54,90,000 की ठगी की.
इस संबंध में थाना नेवई में अपराध क्रमांक 156/25 धारा 318(4)बीएनएस 67(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.
विवेचना के दौरान, 29 मई 2025 को लाभार्थी के खाते में ₹9 लाख आने की जानकारी मिली. सायबर सेल भिलाई और बैंक से जानकारी जुटाने पर पता चला कि आरोपी लखनऊ, उत्तर प्रदेश का है. तत्काल एक पुलिस टीम लखनऊ रवाना की गई और दीपक गुप्ता, राजेश विश्वकर्मा, कृष्ण कुमार, और शुभम श्रीवास्तव को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में, धोखाधड़ी की गई रकम के संबंध में सायबर सेल भिलाई और बैंक से और जानकारी प्राप्त की गई. तकनीकी जांच से पता चला कि धोखाधड़ी के ₹4 लाख आईसीआईसीआई बैंक की मानपाडा शाखा, ठाणे, महाराष्ट्र के खाताधारक चंदन बालकरण सरोज (पिता बालकरण सरोज, उम्र 30 साल, निवासी टिकुजनी वाडी रोड, सहयोग कॉम्प्लेक्स के पीछे, कृष्णा नगर, मानपाडा, थाना वेस्ट, जिला-ठाणे, महाराष्ट्र) के खाते में आए हैं.
वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर मुंबई रवाना की गई. आरोपी चंदन बालकरण सरोज को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने बताया कि ऋषिकेश जोशी ने उसे कमीशन का लालच देकर अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने के लिए कहा था, जिसमें अलग-अलग किस्तों में ₹4 लाख आए. ऋषिकेश जोशी को भी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं. दोनों को 21 जून 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
इस कार्रवाई में नेवई थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शुक्ला, उपनिरीक्षक सुरेंद्र तारम, सहायक उपनिरीक्षक रामचंद्र कंवर, प्रधान आरक्षक सूरज पांडेय, आरक्षक जगतपाल जांगड़े, रवि बिसाई, नारायण ठाकुर, राहुल कुमार साव, सायबर सेल से सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक जुगनू और सायबर टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
गिरफ्तार आरोपी:
* ऋषिकेश जोशी पिता विजय जोशी, उम्र 37 साल, निवासी प्रतीक अपार्टमेंट यशस्वी नगर, बालकुंभ रोड, ठाणे वेस्ट, जिला ठाणे, महाराष्ट्र.
* चंदन बालकरण सरोज पिता बालकरण सरोज, उम्र 30 साल, निवासी टिकुजनी वाडी रोड, सहयोग कॉम्प्लेक्स के पीछे, कृष्णा नगर, मानपाडा थाना वेस्ट, जिला-ठाणे, महाराष्ट्र.
* दीपक गुप्ता (लखनऊ से गिरफ्तार)
* राजेश विश्वकर्मा (लखनऊ से गिरफ्तार)
* कृष्ण कुमार (लखनऊ से गिरफ्तार)
* शुभम श्रीवास्तव (लखनऊ से गिरफ्तार)

More Stories
Nari Shakti Vandan Adhiniyam Update : 850 सीटों वाली नई संसद , मोदी सरकार का बड़ा प्लान, राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें
Raipur Bulletin 16 April 2026 शहर में मारपीट और धमकी के 8 एवं दुर्घटना के 7 मामलों की सर्वाधिक FIR दर्ज
CG Good Governance Festival : CM का कलेक्टरों को पत्र, अब खुद निकलकर जानेंगे योजनाओं की जमीनी हकीकत