बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बहुचर्चित मस्तूरी गोलीकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस की एक विशेष टीम ने फरार चल रहे कांग्रेस नेता और इनामी आरोपी नागेंद्र राय के घर पर बुधवार आधी रात को छापामार कार्रवाई की। करीब ढाई घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामा और सर्च ऑपरेशन के बावजूद आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
आधी रात को छावनी में तब्दील हुआ इलाका
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि नागेंद्र राय अपने लाल खदान-महमंद (तोरवा) स्थित पुश्तैनी घर में छिपा हुआ है। रात करीब 1:00 बजे भारी संख्या में हथियारबंद जवानों और वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। अचानक हुई इस दबिश से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने रोका रास्ता, हुई जमकर बहस
जब पुलिस टीम घर के अंदर दाखिल होने लगी, तो नागेंद्र राय के परिजनों और समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी के बेटे और भतीजे ने पुलिस टीम का रास्ता रोकते हुए लंबी बहसबाजी की। परिजनों ने देर रात की गई इस कार्रवाई पर सवाल उठाए, जिसके बाद पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने की चेतावनी देकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस मामले में पुलिस ने परिजनों के खिलाफ भी शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।
डॉग स्क्वायड और आधुनिक उपकरणों से तलाशी
पुलिस ने इस बार कोई कसर नहीं छोड़ी। घर के हर कोने, छतों और यहां तक कि संदिग्ध गुप्त रास्तों की जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। हथियारबंद जवानों ने घर की एक-एक अलमारी और बेड की तलाशी ली, लेकिन आरोपी नागेंद्र राय पहले ही भागने में सफल रहा।
क्या है मस्तूरी गोलीकांड?
-
घटना: 28 अक्टूबर, 2025 को मस्तूरी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नितेश सिंह के कार्यालय के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी।
-
वजह: प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश, राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद से जुड़ा बताया गया है।
-
कार्रवाई: इस मामले में अब तक 9 से अधिक आरोपी जेल जा चुके हैं, जिनमें मुख्य साजिशकर्ता विश्वजीत अनंत भी शामिल है।
-
फरार आरोपी: नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले लंबे समय से फरार हैं, जिन पर पुलिस ने 5,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस का बयान: “हम फरार आरोपियों के सभी संभावित ठिकानों पर नजर रख रहे हैं। परिजनों द्वारा जांच में बाधा डालना अपराध है। नागेंद्र राय को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

More Stories
Sai Cabinet Meeting : किसानों के लिए खुशखबरी , धान नीलामी के ऐतिहासिक प्रस्ताव पर साय कैबिनेट लगा सकती है मुहर
CG NEWS : चोरों का तांडव’ वकील समेत 4 घरों के ताले टूटे, लाखों के जेवर और नकदी पार
Vedanta Power Plant Blast : वेदांता पावर प्लांट ब्लास्ट , मृतकों के परिजनों को 35 लाख का मुआवजा, घायलों को मिलेंगे 15 लाख