CG NEWS : सुकमा/ओडिशा। ओडिशा में एक बड़े माओवादी कमांडर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 22 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अन्वेष उर्फ रेनू की कथित तौर पर उसके ही संगठन के वांछित नेता ने हत्या कर दी, क्योंकि वह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, कंधमाल जिला के डारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित पाकरी आरक्षित वन इलाके से अन्वेष का क्षत-विक्षत शव कब्र से बरामद किया गया। शव को बुधवार को खुदाई कर बाहर निकाला गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
कंधमाल के पुलिस अधीक्षक हरीश बीसी ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि राज्य के वांछित नक्सली नेता सुक्रू और उसके साथियों ने अन्वेष की हत्या उस समय कर दी, जब वह कुछ अन्य माओवादियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण की योजना बना रहा था।
पुलिस के अनुसार, अन्वेष मूल रूप से सुकमा जिला (छत्तीसगढ़) का निवासी था और केकेबीएन (कालाहांडी-कंधमाल-बौध-नयागढ़) डिवीजन का डिवीजनल कमेटी सदस्य (डीवीसीएम) और सैन्य प्लाटून कमांडर था। उस पर 22 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की सूची में शामिल था।
आत्मसमर्पण से पहले ‘संगठन का संदेह’
पुलिस सूत्रों का कहना है कि संगठन को अन्वेष के आत्मसमर्पण की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उस पर “विश्वासघात” का आरोप लगाकर हत्या कर दी गई। माओवादी संगठनों में आत्मसमर्पण की कोशिश करने वाले सदस्यों को कठोर सजा देने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
जांच तेज, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हत्या में शामिल अन्य माओवादियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

More Stories
रायपुर में फर्जी e-challan से साइबर ठगी बढ़ी, पुलिस ने जारी किया अलर्ट
RTE Admission 2026 : 722 सीटों के लिए 13 अप्रैल से लॉटरी, 30 अप्रैल तक एडमिशन जरूरी
Chhattisgarh Crime News : ‘Ocean Grow Ganja’ के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, कुरियर से चलता था पूरा नेटवर्क