वेब न्यूज़ पोर्टल संघर्ष के स्वर

संघर्ष ही सफलता की पहली सीढ़ी है।

CG News : छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़, महिला समेत 5 गिरफ्तार

CG News : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कथित मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल मजदूरी और नाबालिगों के शोषण से जुड़े एक संगठित सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महासमुंद पुलिस ने ओडिशा की नुआपाड़ा पुलिस के सहयोग से छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सिंडिकेट से जुड़े 10 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

10 ठिकानों पर पुलिस की एक साथ दबिश

पुलिस के मुताबिक, मानव तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी मिलने के बाद अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सिंडिकेट से जुड़े कुल 10 ठिकानों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। दोनों राज्यों की पुलिस के समन्वय से की गई इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद हुई है।

CG NEWS : जंगल में अतिक्रमण जांच के दौरान बवाल, वन विभाग की टीम से ग्रामीणों की झूमाझटकी; थाने पहुंचा मामला

1.48 करोड़ रुपये से ज्यादा नकद बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नकदी मिली। कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 48 लाख 54 हजार 750 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इतनी बड़ी रकम की बरामदगी के बाद पुलिस अब इसके स्रोत और कथित नेटवर्क में इसके इस्तेमाल की भी जांच कर रही है।

इसके अलावा मजदूरों के पलायन से संबंधित रजिस्टर और डायरी भी पुलिस के हाथ लगी है। इन दस्तावेजों से मजदूरों को दूसरे राज्यों में भेजने से जुड़े नेटवर्क और लेन-देन की जानकारी सामने आने की संभावना है।

मोबाइल, बैंक दस्तावेज और एटीएम कार्ड जब्त

पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड भी जब्त किए हैं। इसके साथ ही मॉर्टगेज स्टांप से संबंधित दस्तावेज और नोट गिनने की मशीन भी बरामद की गई है। पुलिस इन सभी सामान और दस्तावेजों की जांच कर कथित सिंडिकेट के आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

मामले में मानव तस्करी के साथ बंधुआ मजदूरी, बाल मजदूरी और नाबालिगों के कथित शोषण से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और मजदूरों को किन स्थानों पर भेजा जाता था।

About The Author

YouTube Shorts Autoplay