CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा असर बिलासपुर जिले में देखने को मिल रहा है, जहां जलभराव के कारण कई सड़कें डूब गई हैं। नेशनल हाईवे पर 4 से 5 फीट तक पानी बहने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
नेशनल हाईवे पर 5 फीट तक पानी, आवाजाही बंद
लगातार बारिश के कारण बिलासपुर में कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं। नेशनल हाईवे पर 4 से 5 फीट तक पानी बह रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। वहीं कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
बिलासपुर शहर के कई इलाके जलमग्न
बारिश के चलते श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा का बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई कॉलोनियों और सड़कों पर पानी भर गया है। कई घरों में भी बारिश का पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूलों में छुट्टी, रेलवे सेवाएं प्रभावित
खराब मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण 5 मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 3 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है।
अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। वहीं आगामी एक सप्ताह तक अलग-अलग जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। कई जिलों के लिए गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
रायगढ़ में बिजली गिरने से महिला की मौत
उधर, रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से प्रभा एक्का (55 वर्ष) की मौत हो गई। वह जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदलने पर वह बिजली की चपेट में आ गईं।

More Stories
CG NEWS : SP ऑफिस के बाहर हंगामा’ बदमाश ने थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस ने मौके से किया गिरफ्तार
RTI पर High Court’ का बड़ा फैसला’ सरकारी कर्मचारियों के जाति प्रमाण पत्र, सर्विस रिकॉर्ड और निजी दस्तावेज नहीं होंगे सार्वजनिक
सुप्रीम कोर्ट से जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के नेताओं को बड़ी राहत, Amit Baghel समेत तीन को मिली नियमित जमानत