CG NEWS : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बहन के लिए मोमोज लेकर घर लौट रहे दो सगे भाइयों की कोयले से लदे ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर-कटघोरा नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में जा घुसा। बताया जा रहा है कि हाईवे के किनारे पहिया धंसने के कारण चालक ट्रेलर पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन पलट गया।
उसी दौरान दो सगे भाई मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। दोनों रास्ते में अपनी बहन के लिए मोमोज लेकर जा रहे थे। अचानक पलटे ट्रेलर की चपेट में आने से दोनों युवक उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत के बाद ट्रेलर के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे किनारे नाली निर्माण कार्य के लिए गहरे गड्ढे खोदे गए थे। इसी दौरान ट्रेलर का पहिया गड्ढे में धंस गया और वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन के लिए मोमोज लेकर निकले दोनों भाइयों की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

More Stories
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: अंबिकापुर में CM विष्णुदेव साय ने किया योग, देशभर में योगमय माहौल, पीएम मोदी ने दिया फिटनेस मंत्र
Raipur Police Commissionerate 21 June 2026: फर्जी वकील से लेकर हाई-टेक चश्मा ठगी और मादक पदार्थों की तस्करी तक, राजधानी के थानों की विस्तृत कानूनी रिपोर्ट।
छत्तीसगढ़ में बड़ा फैसला: अब हर ऊंची बिल्डिंग में होगा Fire Safety Officer, नियम तोड़े तो सीलिंग तक की कार्रवाई