रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने शासकीय हेलीकॉप्टर के बीमा दावे के निपटारे में चार साल से अधिक की देरी के मामले में कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (OICL) को तीन वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। विमानन संचालनालय ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई की है।
मामला मई 2022 में रायपुर एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हुए राज्य शासन के हेलीकॉप्टर से जुड़ा है। हेलीकॉप्टर का बीमा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी से कराया गया था और बीमा प्रीमियम का पूरा भुगतान किया गया था। हादसे के बाद शासन ने बीमा दावा पेश किया, लेकिन कंपनी ने इसे चार साल से अधिक समय तक लंबित रखा और आखिरकार अगस्त 2026 में दावा खारिज कर दिया।
PM Modi ने पूरे किए सार्वजनिक जीवन के 25 साल, बोले- जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी पूंजी
कंपनी को नोटिस और सुनवाई का मौका
मामले की जांच में विमानन संचालनालय ने पाया कि सार्वजनिक संपत्ति से जुड़े बीमा दावे के निपटारे में अत्यधिक देरी हुई। शासन ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर उसका लिखित जवाब लिया और व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी दिया।
कंपनी का पक्ष और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद विमानन संचालनालय ने आदेश जारी करते हुए OICL को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट करने का फैसला लिया।
बीमा राशि की वसूली के लिए कार्रवाई जारी
सरकार के मुताबिक कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने से बीमा दावा समाप्त नहीं हुआ है। राज्य शासन अपने दावे की राशि प्राप्त करने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रखेगा। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक धन और शासकीय हितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
शासन ने स्पष्ट किया है कि सरकार के साथ काम करने वाली सेवा प्रदाता संस्थाओं को अपनी संविदात्मक जिम्मेदारियों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पालन करना होगा।

