वेब न्यूज़ पोर्टल संघर्ष के स्वर

संघर्ष ही सफलता की पहली सीढ़ी है।

CG NEWS : कुसुम स्मेल्टर्स में बड़ा हादसा’ गर्म स्पंज आयरन की चपेट में आकर 3 कर्मचारी झुलसे, प्लांट में मचा हड़कंप

CG NEWS : मुंगेली। जिले के रामबोड़ स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में बुधवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। नियमित मेंटेनेंस कार्य के दौरान अचानक गर्म स्पंज आयरन की चपेट में आने से तीन कर्मचारी झुलस गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लांट के कीलन (Kiln) डिस्चार्ज गेट में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते मेंटेनेंस टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई थी। इसी दौरान अचानक गर्म स्पंज आयरन बाहर निकल आया और वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में कर्मचारियों को गंभीर रूप से झुलसने की चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल कर्मचारियों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

US-Iran Peace Agreement : भारत को मिल सकती है बड़ी राहत, पेट्रोल-डीजल से लेकर रोजमर्रा की चीजें हो सकती हैं सस्ती

हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

गौरतलब है कि कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट पूर्व में भी विभिन्न कारणों से चर्चा में रहा है। ऐसे में एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों ने प्लांट में सुरक्षा मानकों की समीक्षा और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

उद्योग विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी घटना की जानकारी ली जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि जांच के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

About The Author

YouTube Shorts Autoplay