CG NEWS : धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। उमर्दा गांव में हुए दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने मौके पर पहुंची 112 पुलिस वाहन और निजी एंबुलेंस में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान हाथापाई की घटना में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर और एंबुलेंस चालक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उमर्दा गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
वाहनों में की गई तोड़फोड़
मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस और राहत दल को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। भीड़ ने 112 वाहन और निजी एंबुलेंस को निशाना बनाते हुए उनके शीशे तोड़ दिए और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए इस उपद्रव से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिसकर्मी और चालक घायल
हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। इस घटना में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर तथा एंबुलेंस चालक घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया, जिसके बाद माहौल धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है, वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

More Stories
CG News : रेप केस वाले युवक से युवती ने की शादी, जगदलपुर सेंट्रल जेल में सजा मंडप’ कोर्ट के आदेश पर लिए सात फेरे
CG Assistant Teacher Recruitment 2026 : छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू, जानिए कब तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
Supreme Court News : सट्टा किंग को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत, हर दूसरे सोमवार को जांच अधिकारी के सामने लगानी होगी हाजिरी