बिलासपुर: CG Breaking: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गरबा ड्रेस पहनकर पिस्टलनुमा हथियार लहराने और धूम्रपान करने वाली युवतियों की वायरल रील पर पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 5 युवतियों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नवरात्रि से पहले गरबा पास के प्रचार के लिए बनाया गया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और स्थानीय संगठनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर में गरबा कार्यक्रम के प्रचार के लिए कुछ युवतियों ने गरबा ड्रेस पहनकर एक रील बनाई थी। इस वीडियो में युवतियां सिगरेट पीते हुए और पिस्टलनुमा हथियार लहराते हुए नजर आ रही हैं। रील में ‘बेगम बगैर बादशाह किस काम का’ गाने का इस्तेमाल किया गया था। वीडियो में लड़कियों को लड़कों के साथ बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करते हुए भी दिखाया गया है।
आरोप है कि वीडियो की शूटिंग के दौरान रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सोशल मीडिया पर रील सामने आने के बाद इसे लेकर विवाद शुरू हो गया।
बजरंग दल ने की थी कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और वीडियो में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि नवरात्रि और गरबा जैसे धार्मिक आयोजन के प्रचार में इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकती हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
5 युवतियों समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ की। खबर के मुताबिक, पुलिस ने 5 युवतियों समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। रील गरबा पास के प्रचार के लिए बनाई गई थी।
वीडियो में हथियार को बताया गया था खिलौना
वायरल वीडियो के साथ दिए गए डिस्क्लेमर में पिस्टलनुमा हथियार को खिलौना बताया गया था। वहीं, धूम्रपान को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए चेतावनी भी दी गई थी। वीडियो कथित तौर पर ब्राइडल मेकअप आर्टिस्ट शिफा मैथ्यूज के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया था।
रील के कैप्शन में ‘टैग योर गुंडी गर्ल्स गैंग’ और ‘बिना लड़कियों के गरबा पास किसी काम नहीं’ जैसे वाक्य लिखे गए थे। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

