CG Breaking News , नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अंधविश्वास और जादू-टोना के शक ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र अंतर्गत थाना सोनपुर के ग्राम इरपानार में टोनही (जादू-टोना) के संदेह में 48 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना 30 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति लक्ष्मण मेटामी घटना के समय अपने साले के घर आग तापने गए हुए थे। इसी दौरान मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे अपने कुछ साथियों के साथ जबरन महिला के घर में घुस आया। आरोप है कि हमलावरों ने महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए पहले गाली-गलौज की और फिर लकड़ी के डंडे तथा फरसा की बेंट से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी और उसके साथी गांव छोड़कर फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अंधविश्वास और टोनही के शक से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आज भी अंधविश्वास गहराई से फैला हुआ है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अंधविश्वास में न पड़ें और कानून को अपने हाथ में न लें।

More Stories
PM Kisan Installment : 13 मार्च को किसानों के खाते में बरसेगा पैसा, पीएम मोदी जारी करेंगे 22वीं किस्त
Double Murder News : प्रेमिका को रंग लगाने पर उपजा विवाद, दो युवकों की चाकू गोदकर हत्या
Chhattisgarh Traffic Violation News : रफ़्तार का कहर या रील का नशा? चलती गाड़ी से बाहर निकलकर युवकों ने किया स्टंट, पुलिस अलर्ट