रायपुर, न्यूज़ डेस्क: जिला एवं सत्र न्यायालय बार एसोसिएशन के आगामी 17 अप्रैल को होने वाले चुनाव की सरगर्मियां अब अपने चरम पर पहुंच गई हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में उस वक्त एक बड़ा और दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिला, जब पद के मजबूत दावेदार दिनेश देवांगन के पक्ष में दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अपनी उम्मीदवारी छोड़ दी। इस बड़े फैसले के बाद अध्यक्ष पद के लिए दिनेश देवांगन का पलड़ा बेहद भारी हो गया है और चुनाव में उनकी स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्री शाकिर उद्दीन कुरैशी और श्री भंजन जांगड़े ने अधिवक्ता संघ की एकजुटता और मजबूत भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इन दोनों वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने न सिर्फ चुनाव मैदान से पीछे हटने का फैसला किया, बल्कि दिनेश देवांगन को अपना खुला समर्थन देते हुए अपने सभी समर्थकों से देवांगन के पक्ष में मतदान करने की पुरजोर अपील भी की है।
वरिष्ठ साथियों के इस अपार समर्थन से उत्साहित दिनेश देवांगन ने उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया है कि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में वे वकीलों के मान-सम्मान और सुरक्षा से कभी कोई समझौता नहीं करेंगे। देवांगन ने न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए सुदृढ़ बैठक व्यवस्था और सभी बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराने का संकल्प भी दोहराया है। अपने मिलनसार व्यवहार, सहज उपलब्धता और पूर्व के संगठनात्मक अनुभवों के दम पर दिनेश देवांगन साथी अधिवक्ताओं के बीच खासे लोकप्रिय रहे हैं।
गौरतलब है कि जिला एवं सत्र न्यायालय के कक्ष क्रमांक 107 में 17 अप्रैल (शुक्रवार) को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न होनी है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के इस रणनीतिक समर्थन के बाद अब न्यायालय परिसर में चुनावी समीकरण पूरी तरह से दिनेश देवांगन के पक्ष में नजर आ रहे हैं।

More Stories
Chhattisgarh Steel Plant Update : ‘बैटरी’ डाउन , ब्लास्ट फर्नेस-4 में गिरे खोमलाल, पाटन का मजदूर हुआ हादसे का शिकार
Chhattisgarh Crime News : खौफनाक मंजर , सुनसान घर में तड़पता मिला नवजात, ग्रामीणों की ‘फिल्डिंग’ ने दी नई जिंदगी
Global Role of Indian Professionals : ग्लोबल हुंकार , ‘निर्णायक मोड़’ पर खड़ा है भारत, जयशंकर ने युवाओं को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी