नासिर हुसैन की क्रिकेट में वापसी, दो साल के बैन के बाद फिर मैदान पर उतरे
बांग्लादेश के ऑलराउंडर नासिर हुसैन ने दो साल के प्रतिबंध के बाद क्रिकेट के मैदान पर दमदार वापसी की है। उन्होंने ढाका प्रीमियर डिवीजन लीग में रूपगंज टाइगर्स क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए वापसी की। उनकी टीम का मुकाबला गाजी ग्रुप क्रिकेटर्स से था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि 7 अप्रैल 2025 से नासिर अब आधिकारिक रूप से क्रिकेट खेलने के लिए पात्र हैं।
iPhone 12 की वजह से लगे थे भ्रष्टाचार के आरोप
ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, नासिर पर यह प्रतिबंध अबु धाबी टी10 लीग 2020-21 के दौरान अमीरात क्रिकेट बोर्ड के एंटी करप्शन कोड के उल्लंघन के चलते लगाया गया था। उस वक्त वह पुणे डेविल्स फ्रेंचाइज़ी से जुड़े थे। सितंबर 2023 में आईसीसी ने नासिर पर भ्रष्टाचार से जुड़े कई आरोप लगाए।
मुख्य आरोप यह था कि उन्होंने 750 अमेरिकी डॉलर से अधिक कीमत के iPhone 12 की रसीद को छुपाया और भ्रष्टाचार अधिकारी को इसकी जानकारी नहीं दी। इतना ही नहीं, वह यह भी नहीं बता सके कि उन्हें यह फोन किससे और किस उद्देश्य से मिला। जांच में सहयोग न करने के कारण उन पर दो साल का बैन लगा, जिसे उन्होंने स्वीकार भी किया।
बांग्लादेश के लिए खेले हैं तीनों फॉर्मेट
नासिर हुसैन ने बांग्लादेश की नेशनल टीम के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 – तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेला है।
- उन्होंने 19 टेस्ट मैचों में 1044 रन,
- 65 वनडे में 1281 रन,
- और 31 टी20 इंटरनेशनल में 370 रन बनाए हैं।
तीनों फॉर्मेट मिलाकर उनके नाम दो शतक दर्ज हैं। वह आखिरी बार 2018 में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते नजर आए थे।
अब उनकी वापसी से उम्मीद की जा रही है कि घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर वह एक बार फिर से नेशनल टीम में जगह बना सकते हैं।

