रायसेन (Raisen Rail Coach Factory ) । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि मध्यप्रदेश में रक्षा क्षेत्र का केंद्र बनने के लिए सभी गुण और संसाधन मौजूद हैं। रायसेन में न केवल रेल कोच का निर्माण होगा, बल्कि रेलवे के अन्य उत्पाद भी बनाए जाएंगे। एमपी में बने कोच देशभर की स्पीड ट्रेनों में लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का औद्योगिक विकास, देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
रायसेन जिले के उमरिया में 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली Greenfield Rail Coach फैक्ट्री का भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना से 5 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। राजनाथ सिंह ने आश्वस्त किया कि रक्षा क्षेत्र के विकास के लिए जो भी संभव होगा, वे हर संभव सहयोग देंगे।
कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि एमपी में कोच फैक्ट्री बनने से रेलवे का ईको सिस्टम और मजबूत होगा।
राजनाथ सिंह के भाषण की मुख्य बातें
-
भारत ही नहीं, संपूर्ण विश्व का कल्याण हमारा लक्ष्य है, लेकिन जो छेड़ेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
-
भारत की अर्थव्यवस्था 6.5% की तेज रफ्तार से बढ़ रही है, जो डैशिंग और डायनामिक बन चुकी है।
-
पहलगाम आतंकी हमले के बाद हमने तय किया कि जवाब कर्म देखकर दिया जाएगा, धर्म देखकर नहीं।
-
पहले रक्षा सामग्री आयात करते थे, अब 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक के डिफेंस आइटम का निर्यात कर रहे हैं।
-
एमपी अब औद्योगिक विकास का केंद्र बनेगा, लेकिन पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन जरूरी है।
-
प्रदेश में 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है और 18 हजार हेक्टेयर भूमि बैंक तैयार है।
इस फैक्ट्री के शुरू होने से मध्यप्रदेश न केवल रेलवे निर्माण का बड़ा केंद्र बनेगा, बल्कि औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र में भी नई पहचान स्थापित करेगा।

