रायपुर। विवादित पोलावरम परियोजना को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है। परियोजना पर छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रभावित राज्यों की गंभीर आपत्तियों को देखते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अहम उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। यह महत्वपूर्ण बैठक 28 मई को दिल्ली में होगी, जिसमें छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पोलावरम परियोजना को लेकर कई राज्यों में चिंताएं और विरोध बरकरार हैं। छत्तीसगढ़ सरकार लंबे समय से इस परियोजना के कारण अपने राज्य में होने वाले संभावित पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों को लेकर आपत्ति जताती रही है। ओडिशा और तेलंगाना भी इस परियोजना से प्रभावित होने वाले इलाकों और जल बंटवारे को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त करते रहे हैं।

