रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना 10 अप्रैल तक जताई जा रही है। इसी सिलसिले में भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन आठ अप्रैल को रायपुर दौरे पर हैं, उनके साथ पार्टी के संगठन मंत्री शिवप्रकाश भी पहुंच रहे हैं। दोनों नेता नौ अप्रैल को रायपुर में संगठन की अहम बैठक में शामिल होंगे, जिसमें संभावित मंत्रियों के नामों पर अंतिम चर्चा की जा सकती है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बिलासपुर संभाग से विधायक अमर अग्रवाल और दुर्ग संभाग से विधायक गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हालिया दौरे के दौरान इन दोनों नामों पर सहमति बनी थी। अमर अग्रवाल पूर्व में वित्त, स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं, वहीं गजेंद्र यादव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत संघचालक बिसराराम यादव के पुत्र हैं।
राजनीतिक रणनीति के तहत यादव समाज को साधने की कोशिश
भाजपा इस मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए यादव समाज को साधने की रणनीति पर काम कर रही है, जिससे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में यादव वोटरों को प्रभावित किया जा सके। प्रदेश की 90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 13 मंत्रियों की नियुक्ति का प्रावधान है।
रायपुर संभाग से भी हो सकती है मंत्री नियुक्ति
इंटरनेट मीडिया में चल रही चर्चाओं के अनुसार, यदि हरियाणा की तर्ज पर 14 मंत्रियों की नियुक्ति होती है, तो रायपुर संभाग से रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, कुरूद के अजय चंद्राकर और रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत में से किसी एक को मंत्री पद मिल सकता है।
निगम-मंडलों और संसदीय सचिवों की भी होगी नियुक्ति
पार्टी सूत्रों का कहना है कि जल्द ही निगम-मंडलों में नियुक्तियों के साथ-साथ विधानसभा उपाध्यक्ष और एक दर्जन से ज्यादा संसदीय सचिवों की ताजपोशी भी की जाएगी। इंटरनेट मीडिया में यह चर्चा है कि अंतागढ़ से विधायक विक्रम उसेंडी को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
इन नेताओं को मिल सकता है संसदीय सचिव का दायित्व
संसदीय सचिव बनाए जाने की चर्चा जिन नामों को लेकर है, उनमें रायमुनि भगत, चैतराम अटामी, धर्मजीत सिंह, योगेश्वर राजू सिन्हा, भावना बोहरा, गोमती साय, मोतीलाल सिन्हा, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, दीपेश साहू, प्रबोध मिंज, सुशांत शुक्ला, रोहित साहू, रिकेश सेन, नीलकंठ टेकाम, संपत अग्रवाल या राजेश अग्रवाल के नाम प्रमुख हैं।

More Stories
Naxal News : नक्सलियों की बड़ी साजिश का ‘गेम ओवर’ सीआरपीएफ ने पोडियमपारा में पकड़ी 18 किलो अमोनियम नाइट्रेट की खेप
Chhattisgarh Gas Cylinder Shortage : ‘पैनिक बाइंग’ गैस संकट की अफवाहों को अरुण साव ने किया ‘क्लीन बोल्ड’, जनता से की धैर्य की अपील
Induction Stove Stock Update : बाजारों में हाहाकार सिलेंडर की किल्लत ने तोड़ा इंडक्शन का रिकॉर्ड, स्टॉक ‘नील’