जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सल प्रभावित बस्तर दौरे से पहले नक्सलियों ने तत्काल युद्धविराम और सशर्त शांति वार्ता की मांग की है। नक्सली प्रवक्ता अभय द्वारा जारी बयान में केंद्र सरकार से एंटी-नक्सल ऑपरेशन रोकने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा बलों की वापसी और माओवादी विरोधी अभियानों को समाप्त करने की मांग की है।
चार अप्रैल को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार अप्रैल की शाम रायपुर आएंगे। अगले दिन, पांच अप्रैल को वे नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले का दौरा करेंगे, जहां पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे और मां दंतेश्वरी के दर्शन करेंगे। इसके अलावा, वे एंटी-नक्सल अभियान के ऑपरेशन कमांडरों के साथ भी चर्चा करेंगे।
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबल मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद खत्म करने के लक्ष्य के साथ अभियान चला रहे हैं। लगातार हो रहे नक्सली अभियानों और आत्मसमर्पण की बढ़ती संख्या को देखते हुए नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी दबाव में है।
नक्सली मुख्यधारा में लौटकर सकारात्मक भूमिका निभाएं : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हिंसा नहीं चाहती। केंद्र और राज्य सरकार की मंशा है कि नक्सली मुख्यधारा में लौटें और समाज के विकास में योगदान दें। इसी उद्देश्य से प्रदेश में देश की सबसे प्रभावी और उदार आत्मसमर्पण नीति लागू की गई है, जिसके तहत बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं।
विजय शर्मा ने मंगलवार को राजधानी स्थित निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान नक्सल उन्मूलन नीति, बस्तर पंडुम महोत्सव और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बस्तर पंडुम महोत्सव, जो 2 से 5 अप्रैल तक चलेगा, बस्तर की संस्कृति, स्वाभिमान और गौरव को प्रदर्शित करने का अवसर है। महोत्सव में पारंपरिक नृत्य, गीत, लोक कला, आभूषण, परिधान और स्थानीय व्यंजनों की भव्य प्रस्तुति होगी।
इस दौरान प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास “बस्तर के राम” विषय पर व्याख्यान देंगे, जिसमें भगवान श्रीराम और बस्तर के ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डाला जाएगा।
शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास को पहुंचाना है। बस्तर में आ रहे सकारात्मक बदलाव इस बात का प्रमाण हैं कि सरकारी योजनाएं सही दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने सभी से बस्तर पंडुम महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया।
More Stories
Raipur Police Commissioner System :अपराध नियंत्रण में सुधार के लिए पुलिस प्रशासन करेगा तेज कदम
Chaitanya Baghel Remanded: शराब घोटाला: चैतन्य बघेल की रिमांड 29 अक्टूबर तक बढ़ी, दिवाली जेल में तय
Prime Minister’s Public Health Scheme: आयुष्मान भारत योजना में छत्तीसगढ़ ने मारी बाज़ी, देश में नंबर-1 बना राज्य