Salman Khan Pan Masala Ad: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राजश्री पान मसाला के विज्ञापन से जुड़े उपभोक्ता विवाद में राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने सलमान खान और राजश्री पान मसाला कंपनी को नोटिस जारी किया है। यह मामला उत्पाद के विज्ञापन में किए जाने वाले दावों और सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट से जुड़ा है। जोधपुर निवासी गजेन्द्र कुमार की ओर से दायर पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करते हुए आयोग ने यह आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी 2027 को होगी।
क्या है सलमान खान और राजश्री पान मसाला विज्ञापन विवाद?
याचिकाकर्ता गजेन्द्र कुमार के अनुसार, सलमान खान राजश्री पान मसाला के ब्रांड एंबेसडर के रूप में विज्ञापनों में नजर आते हैं। इन विज्ञापनों में उत्पाद को केसर और इलायची जैसे प्रीमियम तत्वों से युक्त बताकर प्रचारित किया जाता है।
याचिकाकर्ता के वकील रामनिवास चौधरी ने बताया कि इस मामले में मुख्य सवाल विज्ञापन में किए जाने वाले दावों की सत्यता और उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि विज्ञापन के जरिए उपभोक्ताओं के सामने उत्पाद की भ्रामक छवि पेश की जा रही है।
10 रुपये के पाउच में 4 लाख रुपये किलो वाला केसर कैसे?
याचिका में राजश्री पान मसाला के विज्ञापन में केसर के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ता का तर्क है कि बाजार में 5 से 10 रुपये में मिलने वाले पाउच में लगभग 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम कीमत वाला केसर किस तरह शामिल किया जा सकता है।
उनका कहना है कि इस तरह के दावे आम उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं। खासकर युवा वर्ग उत्पाद को प्रीमियम और बेहतर समझकर उसकी ओर आकर्षित हो सकता है। याचिका में पान मसाला के सेवन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों का भी उल्लेख किया गया है।
सलमान खान की लोकप्रियता को लेकर भी उठाए सवाल
याचिकाकर्ता ने सलमान खान की लोकप्रियता और युवाओं पर उनके प्रभाव को भी मुद्दा बनाया है। उनका आरोप है कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माने जाने वाले उत्पाद का किसी बड़े सेलिब्रिटी द्वारा प्रचार किया जाना युवाओं को प्रभावित कर सकता है।
इसी आधार पर याचिका में इस विज्ञापन को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत भ्रामक विज्ञापन बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
सलमान खान के हस्ताक्षरों की प्रामाणिकता पर भी सवाल
इस विवाद में दस्तावेजों की प्रामाणिकता का मुद्दा भी सामने आया है। याचिकाकर्ता ने आयोग में पेश किए गए वकालतनामे और अन्य दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों को लेकर आपत्ति जताई है।
उनका दावा है कि दस्तावेजों पर किए गए हस्ताक्षर सलमान खान के मूल हस्ताक्षर नहीं हैं। इस संबंध में पहले जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (द्वितीय), जोधपुर में याचिका दाखिल कर सलमान खान को व्यक्तिगत रूप से पेश करने और हस्ताक्षरों का फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) से मिलान कराने की मांग की गई थी।
हालांकि, जिला आयोग ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया था।
19 जनवरी 2027 को होगी अगली सुनवाई
जिला उपभोक्ता आयोग ने 16 सितंबर 2026 को इस मामले में आदेश पारित किया था। इससे असंतुष्ट होकर याचिकाकर्ता ने राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की सर्किट बेंच, जोधपुर में पुनरीक्षण याचिका दायर की।
प्रारंभिक सुनवाई के बाद राज्य आयोग ने पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए सलमान खान और राजश्री पान मसाला को नोटिस जारी किए हैं। अब सभी की नजरें 19 जनवरी 2027 को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों पर आयोग का अंतिम फैसला आना बाकी है।

