वॉशिंगटन: Donald Trump Iran Warning: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर दोनों देशों के बीच बातचीत किसी समझौते तक नहीं पहुंचती है तो अमेरिका 2027 में ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य हमले दोबारा शुरू कर सकता है। इतना ही नहीं, ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करने वाले ईरानी जहाजों पर भी हमले की धमकी दी है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब इजरायल की ओर से अमेरिका पर ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने का दबाव बनाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में पश्चिम एशिया में एक बार फिर युद्ध का खतरा बढ़ता दिखाई दे रहा है। वहीं, ईरान भी साफ कर चुका है कि किसी भी नए हमले का जवाब पूरी ताकत से दिया जाएगा।
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत से क्यों नाराज हैं ट्रंप?
न्यूज के साथ रविवार को हुई बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकार किया कि अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत जारी है। हालांकि, उन्होंने बातचीत के तरीके को लेकर नाराजगी जाहिर की। ट्रंप ने ईरान के वार्ताकारों को ‘प्रोफेशनल टैप डांसर’ बताया। उनका कहना था कि ईरानी अधिकारी बातचीत के दौरान मुद्दों को सुलझाने के बजाय बातों को घुमाते रहते हैं।
ट्रंप के मुताबिक, ईरान बातचीत तो कर रहा है, लेकिन किसी ठोस समझौते की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार नहीं दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी स्पष्ट किया कि वह ऐसा समझौता चाहते हैं, जो आने वाले अमेरिकी प्रशासन के कार्यकाल में भी प्रभावी बना रहे।
2027 में ईरान पर फिर हो सकता है बड़ा हमला
ट्रंप के ताजा बयान से संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव का खतरा अभी टला नहीं है। अगर इस साल के अंत तक दोनों देशों के बीच बातचीत सफल नहीं होती है तो अमेरिकी प्रशासन ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करने पर विचार कर सकता है।
अमेरिका की प्रमुख शर्त यह है कि ईरान भविष्य में किसी भी परिस्थिति में परमाणु हथियार हासिल न कर सके। ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन की अपनी पुरानी मांग को लेकर भी नरम रुख के संकेत दिए हैं। हालांकि, परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज स्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों देशों के बीच अब भी मतभेद बने हुए हैं।
होर्मुज स्ट्रेट पर ईरानी जहाजों को ट्रंप की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को उसके बंदरगाहों के आसपास लागू अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को चुनौती नहीं देने की चेतावनी भी दी है। दरअसल, ईरान की ओर से अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इस नाकेबंदी का उद्देश्य ईरान के तेल निर्यात पर दबाव बनाना बताया जा रहा है।
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरानी जहाज अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करेंगे तो उनका भी वही अंजाम होगा, जो ईरान की बाकी नौसेना का हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसी स्थिति में अमेरिकी सेना ईरानी जहाजों पर गोलीबारी कर सकती है।
गौरतलब है कि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह का सैन्य टकराव वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजार को प्रभावित कर सकता है।
फरवरी में शुरू हुई थी अमेरिका-ईरान की जंग
इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान पर हवाई हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था। इस सैन्य टकराव का असर पश्चिम एशिया के कई देशों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देखने को मिला।
बीते कुछ महीनों से दोनों पक्षों के बीच लड़ाई रुकी हुई है, लेकिन स्थायी शांति समझौता नहीं हो पाया है। ऐसे में ट्रंप की नई चेतावनी ने क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका पैदा कर दी है। अब सबकी नजर अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत पर है। अगर कूटनीतिक प्रयास सफल नहीं होते हैं तो 2027 में पश्चिम एशिया एक बार फिर बड़े सैन्य संघर्ष की चपेट में आ सकता है।

