Kanpur Looteri Dulhan: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपनी पिछली दो शादियों की बात छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर पति के 16 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। पीड़ित पति की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला समेत उसके परिवार के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जेल जाते समय महिला थाने में फूट-फूटकर रोने लगी।
शादी के एक महीने बाद ही घर से गायब हुए जेवर और नकदी
पुलिस के मुताबिक, कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में रहने वाले ऑटो सर्वेयर विशाल विश्वकर्मा की शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कॉलोनी की रहने वाली प्रगति से हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद ही प्रगति घर से 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई।
शुरुआत में विशाल को पत्नी के इस कदम की वजह समझ नहीं आई। हालांकि, बाद में उसे प्रगति की पिछली शादियों के बारे में जानकारी मिली। आरोप है कि महिला ने तीसरी शादी करते समय अपनी पहले की दोनों शादियों की जानकारी छिपाई थी।
जांच में खुला दो शादियों का राज
बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया कि प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से हुई थी। इसके बाद 23 जून 2017 को उसने इटावा निवासी सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पतियों को छोड़ने के बाद प्रगति ने विशाल विश्वकर्मा से तीसरी शादी की थी। विशाल का आरोप है कि उसे पत्नी की पिछली शादियों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
20 लाख रुपये मांगने और मारपीट का भी आरोप
विशाल के मुताबिक, पिछली शादियों की जानकारी मिलने के बाद 13 अगस्त 2026 को वह अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर पहुंचा था। वहां उसने परिवार के लोगों से इस मामले में बातचीत की।
आरोप है कि इस दौरान परिवार के सदस्यों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। विशाल ने यह भी आरोप लगाया कि प्रगति की मां ने मामला दबाने के बदले 20 लाख रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
महिला समेत परिवार के छह आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित की शिकायत पर बर्रा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने प्रगति, उसके गोद लेने वाले पिता अशोक विश्वकर्मा, मां सीमा और सगी मां सोमवती को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा प्रगति की मौसी कोमल और मौसा शरद सैनी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, अशोक और सीमा रिश्ते में प्रगति के मौसा-मौसी भी हैं।
मामले में एक अन्य मौसी ललिता और मामी गोमती विश्वकर्मा फरार बताई जा रही हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। 21 नवंबर की शाम सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

