Bulandshahr Child Murder Case: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची शनिवार सुबह करीब 11 बजे अचानक लापता हो गई थी। देर रात उसका शव घर से महज 40 मीटर दूर पड़ोस में किराये पर रहने वाली एक महिला के कमरे से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में तंत्र-मंत्र से जुड़ी आशंका भी सामने आई है। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, बच्ची की मौत से नाराज परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
घर से 40 मीटर दूर महिला के कमरे में मिला बच्ची का शव
यह पूरा मामला बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवंती नगर भूड़ का है। पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 को तीन साल की बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
काफी तलाश के बाद देर रात बच्ची का शव उसके घर से करीब 40 मीटर दूर रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रहने वाली महिला सोनाली के कमरे से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम मच गया।
तंत्र-मंत्र के शक में हत्या की आशंका, पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया तंत्र क्रिया के बाद मुंह दबाकर बच्ची की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, तंत्र-मंत्र का मामला होने या हत्या के पीछे किसी अन्य वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने महिला सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर लगाया जाम
मासूम बच्ची का शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
फिलहाल बच्ची के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।

