Sona Mohapatra on Salman Khan: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर अपने गाने को लेकर विवादों में आ गए हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ पर मशहूर सिंगर सोना महापात्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोना ने गाने के बोल और फिल्म की थीम को लेकर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सलमान खान की सार्वजनिक आलोचना करने के बाद अपने करियर पर पड़े कथित असर का भी जिक्र किया है।
सलमान खान के गाने पर सोना महापात्रा ने उठाए सवाल
सिंगर सोना महापात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए सलमान खान के गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय सैनिकों के बारे में है, लेकिन इसके गाने में दो पेग लगाने के बाद हवाई जहाज बनने जैसी बातें की जा रही हैं।
सोना ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “मातृभूमि फिल्म हमारे सैनिकों के बारे में है और हमारे सुपरस्टार दो पेग लगाकर हवाई जहाज बन जाने की बात कर रहे हैं। अचानक मुझे वे शोक-संदेश याद आ गए। क्या यही वह कलात्मक दुनिया है, जिसे मैंने मिस कर दिया?”
उनकी इस टिप्पणी के बाद एक बार फिर सलमान खान और सोना महापात्रा के बीच पुराना विवाद चर्चा में आ गया है।
बॉलीवुड में सलमान से पंगा लेने पर करियर खराब होने की बात
सोना महापात्रा ने अपने म्यूजिक करियर के करीब 20 साल पूरे होने के दौरान उन लोगों को भी जवाब दिया, जो अक्सर कहते हैं कि अगर उन्होंने सलमान खान की आलोचना नहीं की होती तो बॉलीवुड में उनका करियर ज्यादा सफल हो सकता था।
सिंगर ने मजाकिया अंदाज में सवाल किया कि अगर वह बॉलीवुड में 10 और गाने गा लेतीं तो क्या उनका जीवन सफल हो जाता? उन्होंने कहा कि लोगों को आखिर क्यों लगता है कि किसी ताकतवर व्यक्ति के आसपास रहना ही सफलता की निशानी है।
सोना के मुताबिक, किसी दूसरे के साम्राज्य का हिस्सा बनने के बजाय अपना खुद का मुकाम बनाना ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने फैसलों को लेकर पछतावा नहीं करती हैं।
2016 में भी सलमान खान की आलोचना कर चुकी हैं सोना
यह पहली बार नहीं है जब सोना महापात्रा ने सलमान खान की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है। साल 2016 में सलमान के एक विवादित बयान पर उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उस समय सलमान ने फिल्म की शूटिंग के दौरान अपनी शारीरिक थकान की तुलना एक महिला के साथ हुए गंभीर हादसे के अनुभव से कर दी थी।
सोना ने इस बयान का विरोध किया था। उनके मुताबिक, इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उन्होंने जान से मारने की धमकियां मिलने, अश्लील मॉर्फ की गई तस्वीरें शेयर किए जाने और परिवार को अभद्र संदेश भेजे जाने जैसी घटनाओं का भी जिक्र किया।
Jensen Huang News: जेन्सन हुआंग ने जताई Nvidia में वापसी की इच्छा, लेकिन बोर्ड ने कर दिया इनकार
प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ के मुद्दे पर भी उठाई थी आवाज
साल 2019 में भी सोना महापात्रा ने सलमान खान की आलोचना की थी। उस समय सलमान ने प्रियंका चोपड़ा के फिल्म छोड़कर शादी को प्राथमिकता देने के फैसले पर टिप्पणी की थी। सोना ने इस मामले में भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
इसके अलावा उन्होंने कैटरीना कैफ से जुड़े काम और फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए थे।
सलमान खान ने गाने की ट्रोलिंग पर क्या कहा था?
सलमान खान के गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ को लेकर सोशल मीडिया पर पहले भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। गाने की आलोचना के बीच सलमान ने सफाई देते हुए कहा था कि फिल्म देखने के बाद दर्शकों को इसके बोल और गाने का संदर्भ समझ में आ जाएगा।
उन्होंने बताया था कि फिल्म में एक ऐसा सीक्वेंस है, जहां सभी लोग अपने परिवार को याद कर रहे होते हैं। ऐसे में गाने को फिल्म की कहानी और उसके संदर्भ में समझने की जरूरत है।
फिलहाल सोना महापात्रा की ताजा टिप्पणी के बाद सलमान खान का यह गाना एक बार फिर चर्चा में है।

