Nepal road accident: नेपाल में छठ महापर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे लोगों के साथ दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। गुरुवार सुबह काठमांडू से सर्लाही जा रही यात्रियों से भरी एक माइक्रोबस अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में ड्राइवर समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह 5:45 बजे हुआ भीषण हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे नेपाल के बागमती प्रांत के मकवानपुर जिले में हुई। हादसा भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि काठमांडू से सर्लाही जा रही इलेक्ट्रिक माइक्रोबस अचानक अनियंत्रित हो गई और पहाड़ी सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना के समय वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। हादसे में 11 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है।
UAE Road Accident: फुजैराह में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, 23 वाहन टकराए, कई गाड़ियों में लगी आग
छठ मनाने के लिए घर लौट रहे थे यात्री
पुलिस के मुताबिक, माइक्रोबस में सवार सभी यात्री दक्षिणी नेपाल के सर्लाही जिले के रहने वाले थे। ये सभी काठमांडू से अपने घर लौट रहे थे, ताकि परिवार के साथ रविवार को मनाए जाने वाले छठ महापर्व में शामिल हो सकें। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उनके साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया।
छह घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल हुए छह यात्रियों को तत्काल रेस्क्यू कर हेतौडा नगरपालिका के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। फिलहाल दुर्घटना की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर माइक्रोबस किस कारण अनियंत्रित होकर खाई में गिरी।

