Mahadev Betting Case : रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है। करीब 6 हजार करोड़ रुपये के कथित सट्टा घोटाले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की पूछताछ को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस मामले में कई और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। सौरभ चंद्राकर की रायपुर में विशेष CBI अदालत में पेशी के बीच आए मुख्यमंत्री के इस बयान ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि आरोपी से होने वाली पूछताछ के दौरान महादेव सट्टा ऐप नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं।
सौरभ चंद्राकर की पूछताछ पर CM साय का बयान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महादेव सट्टा ऐप मामले को लेकर कहा कि जांच एजेंसी आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है। उन्होंने संकेत दिया कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी उजागर हो सकती है।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि महादेव ऐप के नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही है और जांच के दौरान कितने नए नाम सामने आते हैं।
6 हजार करोड़ के कथित घोटाले की जांच तेज
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामला पिछले काफी समय से छत्तीसगढ़ सहित देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध वित्तीय लेनदेन किए जाने के आरोप हैं।
इस मामले में करीब 6 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां सट्टेबाजी नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेनदेन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश हुआ आरोपी
बुधवार को महादेव सट्टा ऐप के प्रमुख प्रमोटर और मुख्य आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। उसकी पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।
इस बीच CBI आरोपी से विस्तृत पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

