CG Crime News : कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में झाड़-फूंक और इलाज के नाम पर 14 वर्षीय नाबालिग के कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। चिकित्सकीय जांच में बच्ची के करीब पांच महीने की गर्भवती होने का पता चलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा (44) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर इलाज के बहाने नाबालिग को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
तबीयत बिगड़ने पर बैगा के पास ले गए थे परिजन
जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को नाबालिग की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे कांकेर जिले के आमागांव निवासी वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा के पास इलाज के लिए लेकर गए थे। आरोपी ने बच्ची को बच्चेदानी में परेशानी होने की बात कही और उपचार के नाम पर एक ताबीज दिया।
परिजनों को उम्मीद थी कि बच्ची की तबीयत में सुधार होगा। इसी कारण वे बाद में भी उसे कई बार आरोपी के पास लेकर गए। आरोप है कि उपचार के दौरान आरोपी बच्ची को परिजनों से अलग कर देता था।
नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने का आरोप
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी ने इलाज के बहाने नाबालिग को नशीला पदार्थ दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि बाद में उपचार के नाम पर बच्ची को कई बार परिजनों से अलग रखा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। नाबालिग की पहचान और निजता की सुरक्षा के मद्देनजर उससे जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अस्पताल में जांच के दौरान हुआ खुलासा
अक्टूबर में बच्ची की तबीयत दोबारा बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में उसके करीब पांच महीने की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। यह पता चलने के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और 18 अक्टूबर 2026 को ताड़ोकी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और 19 अक्टूबर को आरोपी रमेश कुमार पिस्दा को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई।

