CG News : सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में CRPF के एक सब इंस्पेक्टर की गोली लगने से मौत हो गई। मेट्टागुड़म कैंप में तैनात 131वीं बटालियन के उपनिरीक्षक देवानंद यादव देर रात घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें साथी जवान तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मारी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
12 अक्टूबर की देर रात हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की देर रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच हुई। CRPF की 131वीं बटालियन में पदस्थ सब इंस्पेक्टर देवानंद यादव सुकमा जिले के मेट्टागुड़म कैंप में तैनात थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के ग्राम करजहा के निवासी बताए जा रहे हैं।
e-Sprinto G1 इलेक्ट्रिक स्कूटर B2C मार्केट में लॉन्च, शुरुआती कीमत ₹89,999; मिलेगी 130km तक की रेंज
देर रात कैंप में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, जहां देवानंद यादव घायल अवस्था में मिले। जवानों ने बिना देरी किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
घायल सब इंस्पेक्टर को बचाने के लिए साथी जवानों ने तत्काल मदद पहुंचाई, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। जवान की मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
आत्मघाती कदम उठाने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि देवानंद यादव ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। अधिकारियों की ओर से घटना के पीछे किसी संभावित कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पंचनामा और पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

