CG NEWS : तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला 100 फीट से अधिक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को इतनी ऊंचाई पर देखकर आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई और मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
काफी देर तक टावर पर मौजूद रही महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला काफी देर तक मोबाइल टावर के ऊपर मौजूद रही। स्थानीय लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। महिला को सुरक्षित नीचे उतारना पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना प्रभारी सतीश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू की तैयारी शुरू की और आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर रहने की समझाइश दी।
रेस्क्यू के लिए बिजली सप्लाई बंद
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किसी अनहोनी से बचने के लिए पुलिस ने बिजली विभाग से संपर्क कर एहतियातन बिजली सप्लाई बंद करा दी। इसके साथ ही मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों ने पूरे ऑपरेशन के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

