CG News : धमतरी। छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पुराने वीडियो को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। कुरूद से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और लोकगायिका एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि का दावा दायर किया है। मामला स्वतंत्रता दिवस के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। इससे पहले इस प्रकरण में पुलिस में FIR भी दर्ज की गई थी।
पुराने वीडियो को लेकर शुरू हुआ विवाद
विवाद उस वीडियो को लेकर है, जिसमें अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते हुए दिखाई दे रहे थे। आरोप है कि वीडियो को सोशल मीडिया पर इस तरह साझा किया गया कि यह 15 अगस्त 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह का दृश्य प्रतीत हो।
पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, संबंधित वीडियो वास्तव में 22 मार्च 2026 को कुरूद में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का था। इस कार्यक्रम में पार्टी का झंडा फहराया गया था।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
स्वतंत्रता दिवस के दिन वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप था कि पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर प्रसारित करने से गलत धारणा बनी।
अजय चंद्राकर ने उस समय सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो की तारीख और संदर्भ स्पष्ट करते हुए कहा था कि 15 अगस्त को उन्होंने धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित सरकारी समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।
पुलिस में पहले ही दर्ज हो चुकी है FIR
मामले में भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइंस थाने में जीरो FIR दर्ज की गई थी। इसमें सुप्रिया श्रीनेत, नेहा सिंह राठौर और एक सोशल मीडिया अकाउंट का नाम शामिल किया गया था। बाद में मामले को जांच के लिए धमतरी पुलिस को भेजे जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने डिजिटल सामग्री और वीडियो के मूल स्रोत समेत संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की बात कही थी।

More Stories
CG News : भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, पुशर कार की चपेट में आकर ठेका मजदूर की मौत
जंगल में नक्सली डंप का भंडाफोड़, SLR-INSAS समेत BGL लॉन्चर और हथियार बरामद
CGPSC घोटाले में टामन सोनवानी के खिलाफ ED ने पेश की चार्जशीट, मनी लॉन्ड्रिंग केस में बढ़ी कार्रवाई